अस्पताल में दिनदहाड़े मर्डर, दवा लेने के बहाने आया शख्स और महिला मरीज को मार दी गोली; मचा हड़कंप

Monday, May 11, 2026-01:58 PM (IST)

Bihar Desk: यूपी के चंदौली जिले के कमलापुर में एक निजी अस्पताल में भर्ती 55 साल की एक महिला की सोमवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन भीड़ ने उसे पकड़ लिया। भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। 

दवा लेने के बाद वार्ड में गया शख्स और...
पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि मृतका की पहचान बिहार के भभुआ जिले की रहने वाली लक्ष्मीना देवी (55) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि लक्ष्मीना के पैर में फ्रैक्चर होने के बाद अलीनागर थाना क्षेत्र के इस अस्पताल में उसकी सर्जरी हुई थी। पटेल ने बताया कि सुबह करीब 6.30 बजे, एक अज्ञात व्यक्ति इलाज कराने के बहाने अस्पताल में घुसा। उन्होंने आगे बताया कि दवा लेने के बाद वह वार्ड में गया, देवी की कनपटी पर पिस्तौल तानी और गोली मार दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी के पास से रिवॉल्वर बरामद
अपराध करने के बाद, आरोपी ने एक और गोली चलाते हुए भागने की कोशिश की। हालांकि, पटेल ने बताया कि बाहर जमा भीड़ ने उसे पकड़ लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के पास से एक रिवॉल्वर बरामद की गई है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि अब तक की पूछताछ के दौरान, आरोपी ने अपनी पहचान अमृतसर के रहने वाले गुरप्रीत के रूप में बताई है। पटेल ने बताया कि जब उससे चंदौली आने का मकसद पूछा गया, तो आरोपी ने दावा किया कि वह सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने आया था। उन्होंने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static