फिर लौटा कोरोना... एक ही परिवार के 2 लोग निकले पॉजिटिव, मचा हड़कंप

Tuesday, Jul 21, 2026-10:39 AM (IST)

Bihar News: बिहार के भागलपुर जिले में सोमवार को एक वृद्ध और उसकी पुत्री कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। अधिकारियों सूत्रों ने बताया कि भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के लालूचक इलाके में रहने वाले एक 65 वर्षीय व्यापारी और उनकी देखभाल कर रही 35 वर्षीय पुत्री कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। 

स्थानीय जवाहरलाल नेहरू भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग से सोमवार को आई आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में दोनों (पिता-पुत्री) के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। सूत्रों ने बताया कि संक्रमित वृद्ध की पुत्री जिले के सबौर से अपने बुजुर्ग पिता की सेवा एवं इलाज के लिए लगातार आ-जा रही थीं। इसी दौरान वे भी संक्रमण की चपेट में आ गई। जब बेटी में भी सर्दी-खांसी जैसे लक्षण दिखे, तो चिकित्सकों ने सोमवार को उनकी आरटीपीसीआर जांच करवाई। बाद में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 

सूत्रों ने बताया कि एक ही परिवार में कोरोना के दो मामले सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। अस्पताल में लंबे समय से बुखार, सर्दी-खांसी और बदन दर्द से पीड़ित मरीजों की अनिवार्य रूप से आरटीपीसीआर जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों ने बताया कि अस्पताल प्रशासन ने कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। साथ ही सभी चिकित्सकों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को मास्क पहनने, हाथों को नियमित सैनिटाइज करने और कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है। 

इस बीच भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन को पूरे जिले में निगरानी बढ़ाने और सभी सरकारी अस्पतालों में एहतियातन पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले वासियों से भीड़ -भाड़ वाले क्षेत्रों में मास्क पहनकर आवाजाही करने और सावधानी बरतने की अपील की है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static