अशोक राजपथ पर डबल डेकर फ्लाईओवर के कारण बदला गया पटना मेट्रो का मार्ग
Monday, Sep 05, 2022-12:26 PM (IST)

पटनाः बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक अशोक राजपथ पर राज्य सरकार द्वारा बनाए जा रहे डबल डेकर फ्लाईओवर के कारण वहां से गुजरने वाली मेट्रो का रास्ता बदल दिया गया है। इसे घनी आबादी वाले अशोक राजपथ इलाके से हटाकर संस्थानिक इलाके की ओर स्थानांतरित किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि राजपथ पर कारगिल चौक से एनआईटी मोड़ तक बन रहा यह फ्लाईओवर मेट्रो लाइन खंड के इस पुराने रूट को ‘पूरी तरह प्रभावित' कर रहा है, जिसके कारण यह बदलाव किया गया है। एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘(मेट्रो के) भूमिगत खंड के मार्ग में किए जा रहे बदलाव की यह मुख्य वजह है।'' फिलहाल पुराने शहर में पटना मेट्रो का निर्माण कार्य चल रह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 फरवरी, 2019 को इस महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास किया था।
पटना मेट्रो रेल लिंक परियोजना 31 किलोमीटर की है, जिसमें दानापुर-मीठापुर-खेमनीचक गलियारा (लाइन -1) और पटना रेलवे स्टेशन पाटलिपुत्रा बस टर्मिनल गलियारा (लाइन-2) नामक दो गलियारे हैं, जिससे पटना में लाखों लोग लाभान्वित होंगे और सड़कों पर भीड़भाड़ कम होगी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम पटना मेट्रो परियोजना का क्रियान्वयन कर रहा है। अशोक राजपथ पर गांधी मैदान से एनआईटी कैंपस के बीच पटना विश्वविद्यालय, पटना कॉलेज, पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, पटना साइंस कॉलेज, व्हीलर सीनेट हाउस, सेंट जोसेफ कन्वेंट हाईस्कूल, बी एन कॉलेज, खुदा बख्श ओरिएंटल पब्लिक लाइब्रेरी जैसे कई संस्थान, पुराने बाजार आदि हैं।