बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज, मांझी और उपेंद्र ने धर्मेंद्र प्रधान के साथ की मुलाकात
Monday, Nov 17, 2025-08:41 AM (IST)
Bihar Government Formation: हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने रविवार को यहां केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ उनके आवास पर अलग-अलग बैठक की। प्रधान बिहार में भाजपा के चुनाव प्रभारी थे।
भाजपा नीत राजग (NDA) के दोनों घटक दलों के प्रमुख जब प्रधान से मिलने उनके आवास पर पहुंचे तब वहां बिहार में भाजपा के राजनीतिक मामलों के प्रभारी विनोद तावड़े भी मौजूद थे। ये बैठकें ऐसे समय में हुई हैं जब बिहार विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बाद राजग बिहार में सरकार बनाने की तैयारी में जुटा है।
केंद्रीय मंत्री मांझी ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘केंद्रीय मंत्री और बिहार भाजपा प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान तथा भारतीय जनता पार्टी के महासचिव विनोद तावड़े से मुलाकात की, जिन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव, 2025 में राजग (NDA) की भारी जीत सुनिश्चित करने के लिए अथक परिश्रम किया। मैंने उन्हें बधाई दी।'' उन्होंने दोनों भाजपा नेताओं के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें भी पोस्ट कीं।
प्रधान से उनके आवास पर मुलाकात के बाद कुशवाहा ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘केन्द्रीय शिक्षा मंत्री और बिहार चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के विशेष प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान जी से मिलकर राजग की शानदार जीत पर उन्हें बधाई दी।'' रालोमो प्रमुख ने वरिष्ठ भाजपा नेता के साथ अपनी मुलाकात की एक तस्वीर भी पोस्ट की। सूत्रों ने बताया कि मांझी और कुशवाहा दोनों ने भाजपा नेताओं के साथ बिहार में सरकार गठन और राज्य मंत्रिमंडल में अपनी पार्टियों के प्रतिनिधित्व पर चर्चा की। बिहार के निवर्तमान मंत्रिमंडल की कल बैठक होगी जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नयी सरकार के गठन के लिए जरूरी कदम उठाने के लिए अधिकृत किया जाएगा।

