Bihar Election 2025: ''सरकार के पक्ष में लहर का संकेत'', बंपर वोटिंग के बाद केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दी प्रतिक्रिया
Friday, Nov 07, 2025-05:08 PM (IST)
Bihar Election 2025: केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत “सरकार के पक्ष में लहर” का संकेत है और विपक्ष का यह दावा निराधार है कि यह परिणाम राजग के लिए “चेतावनी की घंटी” है।
महिलाओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया- Dharmendra Pradhan
राज्य में भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पहले चरण में 121 विधानसभा क्षेत्रों में 64.69 प्रतिशत मतदान हुआ, जो राज्य के चुनावी इतिहास में अब तक का सर्वाधिक है। प्रधान ने कहा, “यह शानदार है। यह स्पष्ट रूप से उत्साहवर्धक मतदान का संकेत है। हाल के समय में कई जगहों पर देखा गया है कि लोग बड़ी संख्या में मौजूदा सरकार के पक्ष में मतदान करने निकलते हैं। बिहार में भी यही हो रहा है, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति जनता का विश्वास हिमालय जितना अटूट और ऊंचा है।” उन्होंने कहा कि महिलाओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया और मीडिया से बात करने वाले अधिकतर मतदाताओं ने स्पष्ट कहा कि वे विकास और सुरक्षा के लिए वोट कर रहे हैं। प्रधान ने कहा “यह इस बात का साफ संकेत है कि हवा किस दिशा में बह रही है।'' उन्होंने साथ ही कहा कि राजग की चुनावी नीति “सुशासन” पर आधारित है, जो राजद-कांग्रेस शासन के “जंगलराज” की छवि के विपरीत है।
NDA में मुख्यमंत्री पद रिक्त नहीं- Dharmendra Pradhan
प्रधान ने केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के इस अनुमान से सहमति जताई कि राजग बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में “160 से अधिक सीटें” जीत सकता है। नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बनने संबंधी सवाल पर प्रधान ने कहा, “हम बार-बार कह चुके हैं कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में मुख्यमंत्री पद रिक्त नहीं है। पिछले 20 वर्षों से यह पद एक ही व्यक्ति के पास है। हां, यह समस्या विपक्ष में हो सकती है, जहां एक ही परिवार के कई सदस्य कुर्सी के लिए लालायित हैं।” प्रधान ने इंडिया गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा और कहा कि “बंपर मतदान” को राजद-गठबंधन की जीत का संकेत मानना उनकी गलतफहमी है।

