पति की जगह बदमाशों ने ले ली पत्नी की जान, हथियार मौके पर छोड़ भागे; जानें पूरा मामला
Tuesday, Feb 17, 2026-03:26 PM (IST)
कटिहार : बिहार का कटिहार जिला सोमवार की आधी रात गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा। नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर सो रही महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि हमलावरों का असली निशाना महिला का पति था, लेकिन अंधेरे के कारण उन्होंने पत्नी पर गोलियां बरसा दीं।
घर में घुसकर उतारा मौत के घाट
मिली जानकारी के अनुसार, जिले के बरारी थाना अंतर्गत मोहना चांदपुर गांव की है। मृतका की पहचान शरीफा खातून के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शरीफा और उनके पति एहतेशाम हुसैन अपने कमरे में सो रहे थे। अंधेरे के कारण हमलावर देख नहीं पाए और शरीफा पर फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर जब एहतेशाम हुसैन ने शोर मचाया और बदमाशों का मुकाबला करने की कोशिश की, तो हमलावर घबरा गए। पकड़े जाने के डर से भागते समय अपराधी अपनी पिस्टल घटनास्थल पर ही छोड़ गए। सूचना मिलते ही बरारी पुलिस मौके पर पहुंची और हथियार को कब्जे में ले लिया है।
साली और साढ़ू पर लगाया साजिश का आरोप
पीड़ित पति एहतेशाम हुसैन ने इस वारदात के पीछे गंभीर पारिवारिक रंजिश का दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी साली और साढ़ू ने मिलकर उनकी हत्या की साजिश रची थी। एहतेशाम के अनुसार, उन्हें पहले भी झूठे मुकदमों में फंसाने की कोशिश की जा चुकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

