जमीन बंटवारे पर भाइयों में खूनी खेल, एक की मौत...दो गंभीर; आरोपी मौके से फरार

Friday, Mar 20, 2026-12:04 PM (IST)

Bihar Crime News : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में शुक्रवार की सुबह रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो गई। यहां जमीन के बंटवारे को लेकर एक ही परिवार के सदस्य आपस में भिड़ गए। यह विवाद इतना हिंसक हुआ कि धारदार हथियारों और भालों के हमले में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानें पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, घटना बैरिया थाना क्षेत्र के भितहा मठिया गांव की है। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे जमीन के बंटवारे को लेकर घर में बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि पिता और बड़े बेटे ने तीन अन्य पुत्रों के साथ मिलकर अपने ही भाइयों पर हमला बोल दिया। इस दौरान धारदार हथियारों और भाले का जमकर इस्तेमाल किया गया।

एक की मौत, दो की हालत नाजुक

हमले में 40 वर्षीय विजय पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, अखिलेश पटेल (30 वर्ष) और कमलेश पटेल (35 वर्ष) बुरी तरह जख्मी हैं। उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और वे अस्पताल में भर्ती हैं।

गांव में दहशत, पुलिस की कार्रवाई जारी

इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही बैरिया थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

static