लापता हुए चिराग के जीजा अरुण भारती! सांसद को लेकर जमुई में लगे पोस्टर, राजनीतिक हलचल तेज
Wednesday, Dec 31, 2025-06:13 PM (IST)
Bihar Politics: बिहार के जमुई शहर के कई खास इलाकों में जमुई के सांसद अरुण भारती (Arun Bharti) के लापता होने से संबंधित पर्चे देखे गए। ये पोस्टर कचहरी चौक, रजिस्ट्री ऑफिस और के.के.एम. कॉलेज जैसी खास जगहों पर चिपकाए गए थे। वहीं, अब ये पोस्टर लोगों के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गए।
लापता हुए चिराग के जीजा!
बता दें कि जमुई से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (Chirag Paswan) के जीजा भी हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि सांसद ने कथित तौर पर पिछले दो महीनों से अपने चुनाव क्षेत्र का दौरा नहीं किया है और उन्हें आखिरी बार बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान देखा गया था, जिससे स्थानीय लोगों के बीच गुस्सा बढ़ रहा है। हालांकि, इन पोस्टर को किसने और किस उद्देश्य से चिपकाया है। अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
वहीं, इस घटना ने जमुई में राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। गौरतलब हो कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने पांच सीटों पर चुनाव लड़ा और जमुई समेत सभी पांचों सीट पर जीत हासिल की। अरुण भारती को चिराग पासवान के बाद पार्टी का दूसरा सबसे असरदार नेता माना जाता है और बिहार में पार्टी संगठन को मज़बूत करने के लिए वे जिम्मेदार हैं। पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भी शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें उसने 29 सीटों में से 19 पर जीत हासिल की।

