अपने प्यार को पाने के लिए छत्तीसगढ़ से बिहार पहुंची युवती, बोली- शादी करके 2 साल साथ रहने के बाद भाग आया प्रेमी
Friday, Nov 25, 2022-05:19 PM (IST)

लखीसरायः बिहार के लखीसराय जिले में छत्तीसगढ़ से आई एक लड़की अपने प्यार को पाने के लिए पीरी बाजार थाना में बैठी हुई है। लड़की ने आरोप लगाया है कि युवक ने उससे पहले प्यार किया और फिर शादी करके 2 साल साथ रहने के बाद वह बिहार भाग आया। वहीं लड़की ने थाने में मदद की गुहार लगाई है।
पिछले 72 घंटे से थाने में मदद की गुहार लगा रही है लड़की
जानकारी के मुताबिक, मामला प्रेम विवाह का है। लड़की छत्तीसगढ़ की रहने वाली है और लड़का अभयपुर के कस्बा पंचायत के निवासी अभिषेक कुमार है। बताया जा रहा है कि लड़की पिछले 72 घंटे से थाने में मदद की गुहार लगा रही है। साथ ही बता रही है कि 2 साल पहले उसकी शादी अभिषेक के साथ दिल्ली में हुई थी और वह दोनों शादी के बाद से एक साथ दिल्ली में ही रह थे। 14 जुलाई 2022 को अभिषेक अपने घर अभयपुर आया हुआ था। इसके बाद भी दोनों की फोन पर बात होती रहती थी।
मंदिर में हो चुकी है दोनों की शादी
वहीं लड़की और लड़के की शादी मंदिर में हो चुकी है। लड़की का आरोप है कि जब उसने लड़के के पिता प्रभात रंजन पांडे से संपर्क करना चाहा तो उन्होंने नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया। साथ ही युवती ने बताया कि उसे अभिषेक धमकी दे रहा है कि अगर तुम बिहार आओगी तो आग लगा । साथ ही अभिषेक दूसरी शादी करने जा रहा है। इसकी सूचना जब युवती को हुई तो वह बिहार के लखीसराय जिले के पीरी बाजार थाना में मदद के लिए गुहार लगाने पहुंच गई।
जांच में जुटी पुलिस
बता दें कि इस मामले के संबंध में थानाध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि लड़के पक्ष वालों को बताया गया है कि वो लड़की को अपना ले नहीं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त पुलिस मामले की जांच कर रही है।