Lok Sabha Elections 2024: सासाराम में शिवेश राम और मनोज कुमार में होगी सीधी टक्कर, क्या हैट्रिक लगा पाएगी BJP?

Tuesday, May 28, 2024-05:42 PM (IST)

पटना: बिहार में इस बार के लोकसभा चुनाव में सातवें और अंतिम चरण में सासाराम (सु) सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) उम्मीदवार पूर्व विधायक शिवेश राम और कांग्रेस उम्मीदवार मनोज कुमार के बीच सीधी टक्कर होगी। सासाराम संसदीय क्षेत्र की पहचान पूर्व उप-प्रधानमंत्री स्व. जगजीवन राम की कर्मभूमि के तौर पर होती है, जिन्हें लोग आज भी ‘बाबूजी' के नाम से याद करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चुनाव क्षेत्र वाराणसी की सीमा से लगी सासाराम संसदीय सीट पर इस बार सियासी लड़ाई काफी रोचक होगी। 

अपने पिता की विरासत को सहेजने में लगे शिवेश राम
वर्ष 2024 में सासाराम सीट पर हो रहे लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अपने वर्तमान सांसद छेदी पासवान को बेटिकट कर दिया है। छेदी पासवान लगातार दो बार से सासाराम (सु) सीट से सांसद निर्वाचित हो रहे थे। वहीं कांग्रेस की दिग्गज नेता मीरा कुमार ने इस बार चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बैनर तले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व केन्द्रीय मंत्रि मुनि लाल के पुत्र और अगियांव (सु) विधानसभा के पूर्व विधायक शिवेश राम को उम्मीदवार बनाया है, वहीं इंडिया गठबंधन के घटक कांग्रेस ने यहां मनोज कुमार को प्रत्याशी बनाया है। इस बार के चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों दल के प्रत्याशी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी मनोज कुमार यहां अपनी पार्टी के पूर्व में किए गए काम को आधार बनाकर, जबकि भाजपा उम्मीदवार शिवेश राम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश में किए विकास कार्यों के नाम पर वोट मांग रहे हैं। इस सीट पर जहां शिवेश राम अपने पिता मुनि लाल की विरासत को सहेजने में लगे हैं, वहीं यहां भाजपा की हैट्रिक लगाने के लिये भी जोर-आजमाइश कर रहे हैं। 

सासाराम संसदीय क्षेत्र से कुल 10 उम्मीदवार आजमा रहे किस्मत
सासाराम सुरक्षित संसदीय क्षेत्र के छह विधानसभा क्षेत्रों में तीन क्षेत्र कैमूर जिले के और तीन रोहतास जिले के हैं। इस संसदीय क्षेत्र में मोहनिया (सु), भभुआ, चैनपुर, कैमूर जिले जबकि चेनारी (सु), सासाराम और करगहर रोहतास जिले में है। मोहनिया (सु), भभुआ और सासाराम में राजद, चैनपुर में जदयू, चेनारी (सु) में भाजपा और करगहर में कांग्रेस का कब्जा है। सासाराम संसदीय क्षेत्र से कुल 10 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें भाजपा, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी (बसपा), समेत 10 उम्मीदवार शामिल हैं। सासाराम संसदीय सीट पर सियासी रणभूमि में उतरे सभी प्रत्याशी जीत के लिए जोर-आजमाईश कर रहे हैं। देखना दिलचस्प होगा कि सासाराम की आम जनता किसके लिए सासाराम (सु) की सीट सुरक्षित करती है। इसका फैसला 04 जून को नतीजे आने के बाद ही स्पष्ट होगा। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static