देश को जाति, धर्म और नस्ल के आधार पर बांटने में जुटी कांग्रेस और उसका पूरा इकोसिस्टमः विजय सिन्हा

5/9/2024 12:28:54 PM

पटना(संजीव कुमार): बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा (Vijay Kumar Sinha) ने कहा कि तीसरे चरण के मतदान के बाद विपक्ष के सारे मंसूबे धराशायी हो गए हैं। अवसाद और बौखलाहट में ये लोग अनर्गल प्रलाप करने लग गए हैं। सिन्हा ने कहा कि जहां बिहार में लालू प्रसाद यादव और उनके युवराज हर दिन धार्मिक और जातीय उन्माद का जहर उगल रहे हैं वहीं कांग्रेस और उसका पूरा इकोसिस्टम देश को जाति, धर्म और नस्ल के आधार पर बांटने में जुट गया है।

"सैम पित्रोदा ने मां भारती की संतानों को लेकर जो नस्लवादी टिप्पणी की..."
वहीं, सैम पित्रोदा की विवादित टिप्पणी पर सिन्हा ने कहा कि सैम पित्रोदा ने मां भारती की संतानों को लेकर जो नस्लवादी टिप्पणी की है, उससे कांग्रेस की 'अभिजातवादी' सोच सामने आती है। सैम पित्रोदा का वास्तविक नाम सत्यनारायण पित्रोदा है, लेकिन उनको अपने भारतीय नाम तक से परहेज है। भारत और भारतीयता के प्रति उनके मन में हमेशा से तिरस्कार का भाव रहा है। ऐसे लोग कांग्रेस और इंडी गठबंधन के थिंक टैंक रहे हैं।

"परिवारवादी शहजादों की पिटी हुई फौज है विपक्ष"
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस की नस्लवादी और एलीट सोच रखने वाले लोगों ने 60 वर्षों तक भारत के लोगों को हीन भावना के साथ जीने को मजबूर रखा। ये देश के लोकतंत्र को मुगलों और अंग्रेजों की तरह कुलीन तंत्र बना कर रखना चाहते हैं। इसीलिए इनका पूरा गठबंधन वास्तव में परिवारवादी, शहजादों की एक पिटी हुई फौज है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static