विश्वकर्मा पूजा पर CM नीतीश की बड़ी सौगात, 16 लाख से अधिक श्रमिकों के खातों में ट्रांसफर किए 802 करोड़

Thursday, Sep 18, 2025-06:03 PM (IST)

पटना: विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्रम संसाधन विभाग के ‘बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड’ की वार्षिक वस्त्र सहायता योजना के तहत कुल 802 करोड़, 46 लाख, 45 हजार रुपए की राशि राज्य के 16 लाख से भी अधिक श्रमिकों के खातों में अंतरण किया है।  

“मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना” के वेब पोर्टल का शुभारंभ
इस अवसर पर सीएम नीतीश कुमार ने “मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना” के वेब पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इस मौके पर राज्य के दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह सहित मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव, अनुपम कुमार एवं कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह समेत अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार राज्य के संगठित और असंगठित क्षेत्र के कामगारों के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, उन्होंने श्रम संसाधन विभाग के पदाधिकारियों को निदेशित किया कि जो कामगार अभी तक निबंधित नहीं हुए हैं, उन्हें भी अभियान चलाकर जल्द से जल्द निबंधित किया जाए और उन्हें इस योजना से जोड़कर सभी लाभ दिलाए जाएं। 

मंत्री संतोष सिंह ने CM नीतीश को दिया धन्यवाद
वहीं, इस मौके पर श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन के लिए बोर्ड द्वारा कुल 16 प्रकार की योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी तहत वस्त्र सहायता राशि को बढ़ाकर 5,000 रूपए किया जाना इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री की सोच समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की रही है। मुख्यमंत्री द्वारा शुभारंभ की गई “मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना” को लेकर श्रम संसाधन मंत्री ने कहा कि यह योजना युवाओं को कौशल विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगी। सात निश्चय-2 के तहत की गई यह पहल बिहार के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही राज्य और राष्ट्र के विकास में उनकी भूमिका को और मजबूत करेगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static