​"इसी मानसिकता के खिलाफ हमारी लड़ाई", भीमराव अंबेडकर की मूर्ति दूध से धोने के विवाद पर बोले चिराग पासवान

Friday, May 03, 2024-02:43 PM (IST)

पटनाः गुरुवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने हाजीपुर लोकसभा सीट से नामांकन करने के बाद भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया था। वहीं, इसके बाद पासवान और दलित समाज के लोगों ने उस मूर्ति को दूध से धोया हैं। बाबा साहेब की प्रतिमा को दूध से धोने पर चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस मानसिकता के खिलाफ हमारी लड़ाई है।

'राजद की ऐसी मानसिकता'
चिराग पासवान ने कहा कि इसी मानसिकता के खिलाफ हम लड़ते रहे हैं...बाबा भीमराव अंबेडकर लड़ते रहे हैं...हमारे पिताजी लड़ते रहे हैं। निश्चित तौर पर ये मानसिकता राष्ट्रीय जनता दल और राष्ट्रीय जनता दल के साथ जो दल हैं, उनकी हो सकती है। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं, जो लोग बिहार को बर्बाद कर चुके हैं। राहुल गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने पर लोक जनशक्ति पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि निश्चित तौर पर जिस तरीके से वह अमेठी में चुनाव हारने के बाद कभी नहीं गए, रायबरेली की जनता यह देखेगी कि क्या वहां से वह चुनाव हारने के बाद फिर कभी नहीं आएंगे। कहीं ना कहीं ऐसा लग रहा है कि उनके नाम को लेकर पार्टी मे भारी विरोधाभास था। 

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले है, जबकि उनके एक करीबी किशोरी लाल शर्मा को अमेठी से चुनावी मैदान में उतारा गया है। अमेठी से प्रियंका गांधी चुनाव नहीं लड़ेंगी। वहीं, भाजपा ने स्मृति ईरानी को अमेठी से फिर से चुनाव मैदान में उतारा है और रायबरेली से दिनेश प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया है। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static