नर्तकी के साथ अश्लील डांस कर रहे थे ASI, SP ने लिया कड़ा एक्शन; पुलिस महकमे में हड़कंप
Wednesday, Feb 25, 2026-02:58 PM (IST)
Bihar Police News : बिहार के बक्सर जिले में पदस्थापित एक पुलिस पदाधिकारी को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। मामले में बक्सर एसपी शुभम आर्य ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां बगेन गोला थाना में तैनात एएसआई मनीष कुमार का सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक आपत्तिजनक वीडियो के आधार पर सेवा से निलंबित कर दिया गया है।
जानें पूरा मामला?
एएसआई मनीष कुमार को वायरल वीडियो में एक नर्तकी के साथ अश्लील ठुमके लगाते और अभद्र हरकतें करते हुए पाया गया। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसपी शुभम आर्य ने घटना को गंभीरता से लेते हुए डुमरांव एसडीपीओ (SDPO) को तत्काल जांच के निर्देश दिए। मामले की जांच कर उक्त वीडियो की सत्यता प्रमाणित होने पर एसपी ने एएसआई मनीष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है।
पुलिस महकमे में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद से जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस बल के किसी भी सदस्य द्वारा यदि अनुशासन और मर्यादा का उल्लंघन किया जाता है, तो उस पर किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। विभाग ने सभी थाना प्रभारियों को चेतावनी दी है कि वे अपने क्षेत्र में पुलिसकर्मियों के आचरण पर कड़ी नजर रखें।

