शर्मनाक! शादीशुदा महिला से सरेआम सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश, शिकायत की तो वायरल किया 42 सेकंड का अश्लील वीडियो
Tuesday, Mar 31, 2026-12:58 PM (IST)
Bihar News: बिहार के नालंदा जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां नूरसराय थाना क्षेत्र में दबंगों ने एक शादीशुदा महिला को सरेआम अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। रूह कंपा देने वाली इस घटना का न केवल वीडियो बनाया गया, बल्कि पीड़िता द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के प्रतिशोध में आरोपियों ने उस अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
घटना बीते 26 मार्च की शाम की है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता (जो दो बच्चों की मां है) घर का राशन लेने बाजार गई थी। लौटते समय गांव के ही तीन युवकों ने अंधेरे का फायदा उठाकर उसे घेर लिया। आरोपियों ने सड़क पर ही महिला के साथ बदसलूकी की और उसे खींचकर ले जाने लगे। 42 सेकंड के वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला बार-बार रिहाई की गुहार लगा रही है, लेकिन आरोपी भद्दी गालियां देते हुए उसे जबरन पकड़कर ले जा रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इस दौरान पीछे कई लोग तमाशबीन बने चल रहे थे, लेकिन किसी ने भी महिला की मदद नहीं की।
यह भी पढ़ें- प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या! मंदिर के पास युवक ने मारी गोली; इलाके में फैली सनसनी
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता के पति महाराष्ट्र के नासिक में काम करते हैं। घटना के अगले दिन, 27 मार्च को साहस दिखाते हुए पीड़िता ने नूरसराय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत से बौखलाए आरोपियों ने घटना के वीडियो को तीन क्लिप्स में सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया ताकि महिला की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी की और दो मुख्य आरोपियों अशोक यादव, महालू महतो उर्फ नवनीत कुमार नरोत्तम को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें- बिहार में शीतला माता मंदिर में मची भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत: कई घायल
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तीसरे नामजद आरोपी, रविकांत कुमार, की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। डीएसपी संजय कुमार जायसवाल ने कहा, "महिला की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। स्पीडी ट्रायल के जरिए आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।"

