सत्याग्रह एक्सप्रेस में मिला 19 वर्षीय युवक का शव, स्लीपर कोच का मंजर देख रेलकर्मियों के उड़े होश

Saturday, Feb 14, 2026-12:30 PM (IST)

Bihar News : सीमावर्ती शहर रक्सौल के रेलवे जंक्शन स्थित वॉशिंग पिट में शुक्रवार (13 फरवरी, 2026) को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 'सत्याग्रह एक्सप्रेस' के एक स्लीपर कोच में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना के बाद रेल प्रशासन और सुरक्षा बलों में हड़कंप मच गया है। पुलिस इसे संदिग्ध मानकर हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। 

रखरखाव के दौरान मिला शव 

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15273 (सत्याग्रह एक्सप्रेस) दिल्ली से रक्सौल पहुंचने के बाद साफ-सफाई और रूटीन मेंटेनेंस के लिए वॉशिंग पिट में खड़ी थी। शुक्रवार को जब रेलकर्मी कोच संख्या S-5 की सफाई करने पहुंचे, तो उनकी नजर फंदे से लटके हुए 19-20 वर्षीय युवक पर पड़ी। तत्काल इसकी सूचना उच्चाधिकारियों और रेल पुलिस को दी गई। 

गर्दन पर चोट के निशान, हत्या की आशंका 

मृत युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के गले पर गहरे निशान पाए गए हैं, जो मामले को संदिग्ध बना रहे हैं। स्थानीय लोगों और रेलकर्मियों के बीच यह चर्चा का विषय है कि सुरक्षा घेरे में रहने वाली वॉशिंग पिट में युवक कैसे पहुंचा और यह घटना कब घटी। 

FSL की टीम ने जुटाए साक्ष्य 

घटना की गंभीरता को देखते हुए बेतिया के डीएसआरपी (DSRP) ने स्वयं मौके का मुआयना किया। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए मुजफ्फरपुर से FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को बुलाया गया। टीम ने कोच के भीतर से उंगलियों के निशान (Fingerprints) और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं। 

यह भी पढ़ें- जंगल में लंबे समय से चल रहा था 'काला' धंधा, पुलिस ने देर रात की छापेमारी तो.... मच गया हड़कंप

थानाध्यक्ष का बयान 

रक्सौल जीआरपी थानाध्यक्ष पवन कुमार ने कहा, "शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। गर्दन पर मिले निशानों और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए हर बिंदु पर गहराई से पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।"
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static