Bihar News: जल-जीवन-हरियाली अभियान को मिली राष्ट्रीय पहचान, पंचायती राज विभाग को मिला SKOCH सम्मान

Saturday, Jan 10, 2026-08:43 PM (IST)

Bihar News: बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग ने जल संरक्षण और पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विभाग के निदेशक नवीन कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में संचालित 'जल-जीवन-हरियाली' अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभाग को राष्ट्रीय स्तर के SKOCH 'ऑर्डर ऑफ मेरिट' सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया है।

25 हजार से अधिक कुओं का हुआ कायाकल्प: निदेशक

सफलता की जानकारी साझा करते हुए निदेशक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि विभाग ने अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना के तहत अब तक कुल 25,579 सार्वजनिक कुओं का जीर्णोद्धार सुनिश्चित किया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि केवल कुओं की सफाई ही नहीं, बल्कि उनके पास 19,033 सोख्ता (Soak pits) का निर्माण भी कराया गया है, ताकि भूजल स्तर को स्थायी रूप से रिचार्ज किया जा सके।

सामाजिक और पर्यावरणीय दृष्टिकोण

PunjabKesari

निदेशक ने इस योजना के सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिहार की ग्रामीण संस्कृति में कुओं का विशेष स्थान है। विशेषकर ग्रामीण महिलाओं के लिए ये कुएं सामाजिक विमर्श का केंद्र रहे हैं। इस परियोजना के माध्यम से न केवल पारंपरिक संरचनाओं को बचाया गया है, बल्कि कृषि और हरित आवरण को भी नया जीवन मिला है।

तकनीकी पारदर्शिता और भविष्य के लक्ष्य

नवीन कुमार सिंह ने बताया कि इन सभी कार्यों की निगरानी 'ई-ग्राम स्वराज' पोर्टल के माध्यम से की जा रही है, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने भविष्य की योजनाओं का खाका पेश करते हुए कहा कि: अब सभी पंचायत सरकार भवनों में 'छत वर्षा जल संचयन' संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। 'पंचायत वन महोत्सव' के माध्यम से राज्य के हर वार्ड में 5-5 वृक्ष लगाने का प्रस्ताव है, जिससे पर्यावरण को और मजबूती मिलेगी।

निदेशक ने इस सम्मान का श्रेय अपनी पूरी टीम को देते हुए कहा कि विभाग मुख्यमंत्री के 'जल-जीवन-हरियाली' के संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static