Bihar Election 2025: महागठबंधन कल जारी करेगा घोषणापत्र, राहुल-तेजस्वी की रैली से बढ़ेगा चुनावी शोर
Monday, Oct 27, 2025-09:09 PM (IST)
 
            
            Bihar Election 2025:बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अब सियासी पारा तेजी से चढ़ने लगा है। महागठबंधन (INDIA गठबंधन) मंगलवार, 28 अक्टूबर को अपना चुनावी घोषणापत्र (Manifesto) जारी करेगा। शाम 4 बजे पटना में होने वाले इस कार्यक्रम में गठबंधन की नीतियों और वादों का ऐलान किया जाएगा।
महिलाएं, युवा और किसान होंगे घोषणापत्र के केंद्र में
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, इस घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए कई बड़े वादे और योजनाएं शामिल होंगी।
यह घोषणापत्र महागठबंधन के चुनावी एजेंडे की दिशा तय करेगा, जिसमें रोजगार, शिक्षा, महिला सुरक्षा और किसान कल्याण पर फोकस रहेगा।
घोषणापत्र के अगले दिन राहुल-तेजस्वी की संयुक्त रैली
घोषणापत्र जारी होने के अगले ही दिन यानी 29 अक्टूबर को राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार में अपनी पहली संयुक्त जनसभाएं करेंगे। दोनों नेता मुजफ्फरपुर (सकरा) और दरभंगा में INDIA गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। कांग्रेस इस रैली को अपने “चुनावी अभियान के औपचारिक शुभारंभ” के रूप में देख रही है।
प्रियंका गांधी भी मैदान में उतरेंगी
इधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मंगलवार को अपने चुनावी प्रचार अभियान की शुरुआत करने जा रही हैं। वह बेगूसराय के बछवाड़ा में एक बड़ी सभा को संबोधित करेंगी। इस रैली के साथ ही महागठबंधन का प्रचार अभियान पूरे राज्य में गति पकड़ने वाला है।
NDA ने तेजस्वी पर साधा निशाना
उधर, एनडीए खेमे से भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा है कि “2025 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा पहले से तय है — नीतीश कुमार ही फिर से NDA के नेता हैं।” तिवारी ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा, “तेजस्वी यादव कौन सी दुनिया में हैं, जिन्होंने झगड़ा करके खुद को सीएम फेस घोषित करवा लिया।”
6 और 11 नवंबर को दो चरणों में होगा मतदान
18वीं बिहार विधानसभा के लिए दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 सीटों पर और दूसरे चरण में 11 नवंबर को 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान होगा। कुल 2616 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से लगभग 41% पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।
 


 
                     
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                            