Bihar Congress Crisis: बिहार कांग्रेस में संकट गहराया, टूट की अटकलों के बीच सभी 6 विधायकों को किया दिल्ली तलब

Tuesday, Jan 20, 2026-11:07 AM (IST)

Bihar Congress Crisis: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में करारी हार के बाद कांग्रेस अब एक और बड़े सियासी संकट से जूझती नजर आ रही है. विधानसभा में पार्टी के महज 6 विधायक बचे हैं, लेकिन संकेत हैं कि इनमें से सभी विधायक नेतृत्व से नाराज हैं और पार्टी छोड़ सकते हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस आलाकमान ने सभी 6 विधायकों को 23 जनवरी को दिल्ली बुलाया है। 

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन विधायकों के साथ इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में बैठक करेंगे। इस बैठक में बिहार कांग्रेस के सांसदों और विधान परिषद सदस्यों को भी शामिल होने के लिए कहा गया है। 

बिहार कांग्रेस की अनसुनी, दिल्ली से हस्तक्षेप 

सूत्रों के मुताबिक, बिहार कांग्रेस नेतृत्व पहले ही इन विधायकों से संवाद की कोशिश कर चुका था। प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कई बार बैठकों के लिए बुलाया, लेकिन विधायक शामिल नहीं हुए। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व को सीधे हस्तक्षेप करना पड़ा। 

NDA के दावों से बढ़ी चिंता 

सत्तारूढ़ एनडीए ने कांग्रेस की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। एनडीए नेताओं का दावा है कि कांग्रेस के सभी 6 विधायक उनके संपर्क में हैं और वे जेडीयू या बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। इन्हीं अटकलों के बीच कांग्रेस ने दिल्ली में यह अहम बैठक बुलाई है, ताकि संभावित टूट को रोका जा सके। 

संगठन में बड़ी भूमिका का संकेत 

जानकारी के अनुसार, खरगे और राहुल गांधी विधायकों से अलग-अलग मुलाकात कर उनकी नाराज़गी के कारण जानने की कोशिश करेंगे। पार्टी संगठन में उनकी भूमिका बढ़ाने और उन्हें अधिक जिम्मेदारी देने पर भी चर्चा हो सकती है। बैठक का एजेंडा बिहार में संगठन को मज़बूत करना और आने वाली राजनीतिक रणनीति तय करना है। 

फिलहाल बिहार विधानसभा में कांग्रेस के ये 6 विधायक हैं-

  • मनिहारी: मनोहर प्रसाद सिंह
  • वाल्मीकिनगर: सुरेंद्र प्रसाद
  • अररिया: आबिदुर रहमान
  • चनपटिया: अभिषेक रंजन
  • किशनगंज: मो. कमरूल होदा
  • फारबिसगंज: मनोज विश्वास

अगर कांग्रेस इन विधायकों को एकजुट रखने में नाकाम रहती है, तो बिहार विधानसभा में पार्टी का अस्तित्व पूरी तरह समाप्त हो सकता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static