नेशनल हाइवे पर भयानक हादसा, स्कूटी सवार को 50 मीटर तक घसीटता ले गया ट्रक; मंजर देखने वालों का फटा कलेजा

Wednesday, Mar 04, 2026-11:23 AM (IST)

Bihar Road Accident News : बिहार के औरंगाबाद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक बेकाबू ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बाजार से घर लौट रहा था युवक

मिली जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भरथौली शरीफ गांव के पास एनएच-139 की है। मृतक की पहचान खैरी गांव निवासी स्वर्गीय अरुण सिंह के 18 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गौरव होली की तैयारियों के लिए बाजार से घरेलू सामान खरीदकर अपनी स्कूटी से घर लौट रहा था। जैसे ही वह भरथौली शरीफ गांव के पास पहुंचा, तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

50 मीटर तक घसीटता ले गया ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा रोंगटे खड़े कर देने वाला था। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की, जिस दौरान गौरव स्कूटी समेत ट्रक में फंस गया और लगभग 50 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। शरीर में लगी गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण गौरव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने डाल्टनगंज-पटना मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण जाम हटाने को राजी हुए, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने गौरव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static