आर्मी जवान की हैवानियतः पत्नी और अपने दुधमुंहे बच्चे को जिंदा जलाया, 2 साल से दूसरी लड़की के साथ है अफेयर

Thursday, Jul 06, 2023-06:25 PM (IST)

मुजफ्फरपुरः बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां भारतीय सेना के एक जवान ने अपनी पत्नी और दुधमुंहे बेटे को जिंदा जलाकर मौत के घाट उतार दिया। वहीं, इस घटना के बाद इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया है।

फौजी ने पत्नी और बेटे को जिंदा जलाया
जानकारी के मुताबिक, घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के बड़ा जगरनाथ गांव की है। मृतका की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के बड़ा जगन्नाथ निवासी हिमांशु कुमार की पत्नी सोनल प्रिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सेना का आरोपी जवान हिमांशु कुमार राजस्थान के जोधपुर में तैनात है। पत्नी के होते हुए उसका किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध था। बीते मंगलवार को हिमांशु छुट्टी पर घर आया हुआ था। वहीं, उसने बुधवार को अपनी गर्लफ्रेंड को अपने घर पर बुला लिया। जब पत्नी ने इसका विरोध किया तो गुस्साए जवान ने पत्नी और 2 महीने के बेटे को जिंदा जला दिया, जिससे पत्नी और दुधमुंहे बच्चे की मौत हो गई।

2013 में हुई थी दोनों की शादी
इस मामले में मृतक महिला के भाई ने बताया कि उसकी बहन सोनल प्रिया और हिमांशु कुमार की शादी 2013 में हुई थी। जब इनकी शादी हुई तब हिमांशु बेरोजगार था, लेकिन शादी के बाद उसे आर्मी में नौकरी मिल गई। भाई ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके बहनोई हिमांशु कुमार का मुजफ्फरपुर के एक बैंक में काम करने वाली लड़की के साथ काफी दिनों से अवैध संबंध चल रहा था। जिसका विरोध उसकी बहन किया करती थी और बुधवार की देर शाम हिमांशु और उसके परिवार वालों ने मिलकर मेरी बहन और उसके बच्चे को जिंदा जला दिया। पत्नी और बच्चे की हत्या करने के बाद हिमांशु मौके से फरार हो गया है।

जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद मृतक महिला के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static