भोजपुर के अमन कुमार बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, गांव में खुशी का माहौल
Friday, Dec 02, 2022-11:33 AM (IST)

भोजपुरः बिहार के भोजपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत बिमवां पंचायत के कितापुर गांव निवासी अमन कुमार सिंह का भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद चयन हुआ है। इस सफलता पर परिवार और गांव में खुशी का माहौल हैं तो वहीं हर जगह से उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ हैं।
अमन को मिली 99 रैंक
सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित हुई कितापुर गांव निवासी विनोद कुमार सिंह के पुत्र अमन कुमार सिंह को एनडीए में 99 रैंक मिली है। बताया जा रहा है कि मेधावी अमन की प्रारंभिक शिक्षा भोपाल के पीपुल्स पब्लिक स्कूल से हुई है। उन्होंने कड़ी मेहनत और माता पिता व गुरुजनों के मार्गदर्शन प्राप्त करते हुए एनडीए में 99 रैंक के साथ लेफ्टिनेंट पद पर चयन होकर भोजपुर जिले का नाम रोशन किया है।
अमन ने कामयाबी का श्रेय माता पिता को दिया
अमन के पिता विनोद कुमार प्राइवेट इंजीनियर हैं। मां रंजू देवी गृहणी हैं और बड़ा भाई तरंग कुमार सिंह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा हैं। अमन ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय माता पिता गुरु को दिया है। साथ ही अमन ने युवाओं को संदेश भी दिया है कि अथक परिश्रम करें। सफलता जरूर मिलेगी।
पूर्व विधायक भाई दिनेश अमन को करेंगे सम्मानित
बता दें कि अमन जाप नेता राजू यादव के भतीजे हैं। अमन की सफलता पर खुशी व्यक्त करने वालों में जगदीशपुर के पूर्व विधायक भाई दिनेश, सुरेंद्र सिंह ,लाल बहादुर सिंह ,बीरबल पासवान ,सुरेश सिंह संजय यादव, सुभाष यादव, राजकुमार यादव श्याम बाबू सिंह सहित आदि थे। पूर्व विधायक भाई दिनेश भोपाल पहुंचकर अमन को सम्मानित करेंगे।