मेला देखकर घर लौट रहे युवक पर फायरिंग, वाहनों को रोककर लूटपाट करने की योजना बना रहे थे अपराधी
Monday, Feb 09, 2026-11:32 AM (IST)
Khunti News: जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में अपराधियों ने सड़क घेरकर लूटपाट की बड़ी घटना को अंजाम देने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
नाराज अपराधियों ने पीछे से की फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, गुरमी गांव निवासी विश्वनाथ महतो रविवार को मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चार हथियारबंद अपराधियों ने उनका वाहन रोकने की कोशिश की। बदमाश सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों को रोककर लूटपाट करने की योजना बना रहे थे। स्थिति को भांपते हुए विश्वनाथ महतो ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और वहां से निकलने का प्रयास किया। इससे नाराज अपराधियों ने पीछे से फायरिंग कर दी। एक गोली उनकी जांघ में लगी, जो आर-पार हो गई। घायल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह सुरक्षित जगह तक पहुंच गए।
पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित के बयान के आधार पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और इलाके में गश्त भी बढ़ा दी गई है।

