Maharajganj Lok Sabha Seat: क्या जीत की हैट्रिक लगा पाएंगे सिग्रीवाल, इंडिया गठबंधन की तरफ से चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
Thursday, Apr 04, 2024-02:59 PM (IST)

Maharajganj Lok Sabha Seat: बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से एक महाराजगंज लोकसभा सीट है। यह क्षेत्र सीवान जिले का हिस्सा है। ब्रिटिशकाल में ही यह रेलवे लाइन से जुड़ गया था। इस सीट पर सबसे ज्यादा आबादी राजपूतों की है। इसके बाद दूसरे नंबर पर भूमिहार हैं। एक नजर इस सीट के राजनीतिक इतिहास पर डालें तो 1957 के चुनाव में महाराजगंज सीट से कांग्रेस के महेंद्र नाथ सिंह चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे।
1962 में कांग्रेस के टिकट पर ही नागेंद्र नाथ सिंह चुनाव जीते। 1967 में एमपी सिंह और 1971 में रामदेव सिंह इस सीट से चुनाव जीते। इसके बाद 1980 और 1984 में कांग्रेस के कृष्ण प्रताप सिंह सांसद चुने गए। 1989 में जनता दल के टिकट पर राम बहादुर सिंह चुनाव जीते तो 1991 में जनता दल के टिकट पर ही गिरिजा देवी सांसद चुनी गईं। 1996 में समता पार्टी के राम बहादुर सिंह एक बार फिर से सांसद बनने में कामयाब हुए। इसके बाद 1998, 1999 और 2004 में जनता दल यूनाइटेड के टिकट पर प्रभुनाथ सिंह चुनाव जीते लेकिन 2009 के चुनाव में जेडीयू के प्रभुनाथ सिंह को आरजेडी के उमाशंकर सिंह के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
2013 में उमाशंकर सिंह के निधन के बाद हुए उपचुनाव में राजद के टिकट पर प्रभुनाथ सिंह सांसद बने तो वहीं मोदी लहर में यह सीट पहली बार बीजेपी के खाते में गई और जनार्दन सिंह सिग्रीवाल बाहुबली प्रभुनाथ सिंह को हराकर सांसद बने। 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां से एक बार फिर बीजेपी कैंडिडेट के तौर पर जर्नादन सिंह सिग्रीवाल को ही जीत मिली थी। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने एक बार फिर सिग्रीवाल पर ही भरोसा जताया है।
महाराजगंज लोकसभा के तहत आती हैं विधानसभा की 6 सीटें
महाराजगंज लोकसभा सीट के अंतर्गत कुल 6 विधानसभा सीटें आती हैं जिनमें सीवान जिले की गोरियाकोठी और महाराजगंज विधानसभा और सारण जिले की एकमा, मांझी, बनियापुर और तरैया विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
एक नजर 2019 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी कैंडिडेट जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने जीत हासिल की थी, सिग्रीवाल को 5 लाख 46 हजार 352 वोट मिले थे। वहीं आरजेडी कैंडिडेट रणधीर कुमार सिंह ने 3 लाख 15 हजार 580 वोट लाकर दूसरा स्थान हासिल किया था तो बीएसपी कैंडिडेट साधु यादव ने 25 हजार 39 वोट लाकर तीसरा स्थान हासिल किया था।
एक नजर 2014 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
अब एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर डालें तो साल 2014 में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने 3 लाख 20 हजार 753 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था। वहीं आरजेडी के प्रभु नाथ सिंह 2 लाख 82 हजार 338 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि जेडीयू के मनोरंजन सिंह को 1 लाख 49 हजार 483 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
लोकसभा चुनाव 2009 के नतीजे
साल 2009 की बात करें तो आरजेडी के उमाशंकर सिंह ने 2 लाख 11 हजार 610 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी। वहीं जेडीयू के प्रभु नाथ सिंह 2 लाख 8 हजार 813 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि कांग्रेस के तारकेश्वर सिंह को 80 हजार 162 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
लोकसभा चुनाव 2004 के नतीजे
साल 2004 की बात करें तो जेडीयू के प्रभु नाथ सिंह ने 2 लाख 83 हजार 506 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी। वहीं आरजेडी के जितेंद्र स्वामी 2 लाख 37 हजार 41 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि निर्दलीय डॉक्टर महाचंद्र प्रसाद सिंह को 99 हजार 807 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
बीजेपी और कांग्रेस में होगा कड़ा मुकाबला
25 मई को महाराजगंज लोकसभा सीट पर चुनाव होना है। बीजेपी ने एक बार फिर से जर्नादन सिंह सिग्रीवाल पर भरोसा जताया है तो इंडिया गठबंधन से ये सीट कांग्रेस के खाते में गई है। गौर करें तो महाराजगंज में राजपूत वोटरों की संख्या सबसे ज्यादा है। दूसरे स्थान पर भूमिहार, तीसरे स्थान पर यादव और चौथे पर ब्राह्मण हैं। मुस्लिम वोटों की भी संख्या अच्छी खासी है। इसलिए यहां पर बीजेपी और कांग्रेस कैंडिडेट में कड़ा मुकाबला होगा।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
Khajauli Assembly Seat: खजौली सीट पर क्या MY समीकरण की काट तलाश पाएगी बीजेपी? ।। Bihar Election 2025
