​​Bihar Lok Sabha Elections 2024: सुपौल लोकसभा सीट पर JDU और RJD के बीच कड़ा मुकाबला, क्या NDA दोहराएगा इतिहास

5/7/2024 8:40:13 AM

Bihar Lok Sabha Election 2024: बिहार में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के तीसरे चरण में 5 सीटों झंझारपुर, सुपौल, मधेपुरा, खगड़िया और अररिया पर वोटिंग हो रही है। वहीं, सुपौल लोकसभा सीट की बात करें तो इस सीट पर कुल 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर जेडीयू ने अपने सीटिंग सांसद दिलेश्वर कामत को फिर से मैदान में उतारा हैं। वही आरजेडी ने दलित समुदाय के चंद्रहास चौपाल को चुनावी अखाड़े में उतारा है। इस संसदीय क्षेत्र में वोटरों की संख्या 1,279,549 हैं, जिसमें से 672,904 पुरुष वोटर और 606,645 महिला वोटर हैं। ट्रांसजेंडर की संख्या 41 हैं। सुपौल में 1895 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

सुपौल सीट पर पहली बार साल 2009  में हुआ था चुनाव
बता दें कि साल 2008 में हुए परिसीमन के बाद सुपौल लोकसभा सीट अस्तित्व में आई। 2009 में हुए चुनाव में जेडीयू के विश्व मोहन कुमार ने कांग्रेस के रंजीत रंजन को डेढ़ लाख वोटों से हराया। वहीं 2014 में एक बार फिर से रंजीत रंजन कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ीं और जीत कर संसद पहुंची। 2019 के लोकसभा चुनाव में जेडीयू के दिलेश्वर कामत ने चुनाव में जीत हासिल की।

गौरतलब है कि सुपौल लोकसभा के अंतर्गत विधानसभा की कुल 6 सीटें आती हैं, जिनमें सुपौल जिले की निर्मली, पिपरा, सुपौल, त्रिवेणीगंज, छातापुर और मधेपुरा जिले की सिंहेश्वर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में जेडीयू कैंडिडेट दिलेश्वर कामत ने जीत हासिल की थी। कामत ने 5 लाख 97 हजार 377 वोट हासिल किया था। वहीं कांग्रेस कैंडिडेट रंजीत रंजन 3 लाख 30 हजार 524 वोट लाकर दूसरे स्थान पर रहीं थीं तो निर्दलीय दिनेश प्रसाद यादव 23 हजार 45 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। सुपौल लोकसभा सीट पर इस चुनाव में जेडीयू और महागठबंधन में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। दिलेश्वर कामत को इस बार सुपौल की जनता आशीर्वाद देगी या नहीं ये तो आने वाले चुनावी नतीजों से ही पता चलेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Recommended News

Related News

static