Sonpur Mela 2025: Bihar में 3 नवंबर से शुरू होगा विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला, भव्य आयोजन के लिए तैयारियां जोरों पर; जानिए इस बार क्या होगा नया और विशेष?
Thursday, Sep 18, 2025-03:42 PM (IST)

Bihar Sonpur Mela 2025: बिहार में एशिया का प्रसिद्ध सोनपुर मेला का आयोजन इस साल तीन नवंबर से चार दिसंबर तक होगा। मेले को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं।
सारण के जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रविंद्र कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिये सारण के जिलाधिकारी अमन समीर के नेतृत्व में 13 कोषांगों का गठन किया गया है। हर कोषांग में एक वरीय पदाधिकारी के नेतृत्व में अलग- अलग टीम बनाई गई है, जो अपने- अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी। इस बार का सोनपुर मेला सिर्फ पारंपरिक नहीं बल्कि आधुनिक सांस्कृतिक गतिविधियों का भी संगम बनेगा।
इस अवसर पर ‘सोनपुर आइडियल' नामक सोलो सिंगिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा, जिसमें तीन शीर्ष विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जायेगा। इस प्रतियोगिता के लिये ऑडिशन की तिथि जल्द ही घोषित की जायेगी। इसके अलावा मेले में कई विशेष कार्यक्रमों का भी आयोजन प्रस्तावित है, जिनमें प्रमुख रूप से घुड़दौड़ प्रतियोगिता, सोनपुर लिटरेरी फेस्टिवल, पुस्तक मेला,‘क्राफ्ट' नामक टॉक शो, जिसमें राज्य के बॉलीवुड कलाकार भाग लेंगे, भव्य गंगा आरती, डॉग शो आदि को शामिल किया गया है। सभी कार्यक्रमों के लिये संबंधित पदाधिकारियों को पूर्व तैयारियों के निर्देश दे दिये गये हैं। इस संदर्भ में एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें उप- विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर भी शामिल हुये।