बिहार में RJD का नहीं खुलेगा खाता, NDA को राज्य में 40 और देश में मिलेगी 400 सीटः शाहनवाज़ हुसैन

4/12/2024 8:56:08 AM

 

नई दिल्ली/पटनाः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का खाता नहीं खुलेगा जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को बिहार में 40 और देश में 400 सीट मिलेगी।

शाहनवाज़ हुसैन ने ईद के मौके पर अपने निवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत में यह बात कही और देश वासियों को ईद उल फितर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। राजद के नेताओं द्वारा केंद्र में सत्ता में आने पर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के नेताओं को गिरफ्तार करने की धमकी पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर कहा कि राजद के नेताओं को अपनी फ़िक्र करनी चाहिए। पिछली बार राजद को ज़ीरो सीटें मिली थीं और उनके गठबंधन को एक सीट मिली थी। भाजपा नेता ने कहा कि इस बार भी राजद को ज़ीरो ही मिलेगा। पिछली बार की तरह इस बार किशनगंज की सीट भी नहीं मिलेगी। चार जून को बिहार में 40 और देश में 400 सीटें राजग को मिलेंगी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुन: प्रधानमंत्री बनेंगे, यह तय है। उन्होंने कहा कि जब मोदी सरकार बनाएंगे तो कार्रवाई ज़ीरो सीट वाले कैसे करेंगे।

वहीं पीएम मोदी पर बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर बात नहीं करने के आरोपों पर हुसैन ने कहा कि हम हर विषय पर बात करते हैं। देश के प्रधानमंत्री आखिर ज़ीरो सीट वाली पार्टी को कितनी तवज्जो देंगे। ज़ीरो सीट वाली मोदी को धमकी दे रही है। उन्हें सवाल पूछने से पहले उन बहुत सारे सवालों के जवाब देने हैं, जो अर्से से पूछे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि बिहार के लोगों को बताना है कि बिहार में जंगलराज नहीं आने देना है। राजग की सरकारों ने बिहार के विकास के लिए खूब काम किया है। इसलिए तेजस्वी यादव को समझना चाहिए कि आएंगे तो मोदी ही। इसमें शक की कोई गुंजाइश नहीं है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) का भय दिखाने के बारे में पूछे जाने पर हुसैन ने कहा कि बनर्जी ईद के दिन भी सियासत कर रही हैं। यह देश सदा से मिल जुल कर रहता आया है और आगे भी रहेगा। दरअसल पश्चिम बंगाल में बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव में बुरी तरह से हार रही है। यह बात उन्हें पता चल गई है और इसीलिए वह सीएए और एनआरसी का भय दिखा रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static