रांची की ‘उलगुलान न्याय महारैली' में बोले ‘INDIA' गठबंधन के नेता- BJP को दिखाएंगे सत्ता से बाहर का रास्ता

4/22/2024 8:51:34 AM

 

रांचीः लोकसभा चुनाव के शेष चरणों से पहले ताकत दिखाने के लिए रविवार को झारखंड की राजधानी रांची में इकट्ठा हुए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' के नेताओं ने दावा किया इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा जाएगा। विपक्षी दलों के नेताओं ने भाजपा पर ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।

रांची के प्रभात तारा मैदान में ‘उलगुलान न्याय महारैली' में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' में शामिल 28 दलों के नेता शामिल हुए। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने रैली में कहा कि देश की जनता भाजपा को करारा जवाब देगी और पार्टी लोकसभा चुनाव में 150 सीट भी नहीं जीत पाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि झारखंड से ‘भाजपा का सफाया हो जाएगा' क्योंकि विपक्षी गठबंधन राज्य की सभी 14 लोकसभा सीट जीतेगा।'' राज्यसभा सदस्य एवं आप नेता संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनके पास ऐसा ‘‘वाशिंग पाउडर है, जो भ्रष्टाचार को तुरंत साफ कर देता है।'' उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मोदी जी कहते हैं कि किसी भी भ्रष्टाचारी को नहीं छोड़ा जाएगा। ये मोदी की गारंटी है। उनका मतलब है कि सभी भ्रष्टाचारियों को भाजपा में शामिल किया जाएगा, जो उनकी (मोदी) गारंटी है। आज, सभी भ्रष्ट नेता भाजपा के साथ हैं।''

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यह उलगुलान रैली भाजपा को खत्म करने के लिए है, जिसने पिछले 10 सालों में देश को ‘‘बर्बाद'' कर दिया। शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), सीबीआई और आयकर विभाग भाजपा की ‘‘सहयोगी इकाई'' के रूप में काम कर रहे हैं और इनका इस्तेमाल विपक्षी दलों द्वारा शासित राज्यों में सरकारों को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस के नेता विवेक गुप्ता ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए हर वोट का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

भाकपा (माले) के नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने दावा किया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ झारखंड का नाम बदलकर ‘वनांचल' करना चाहते हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भाजपा वास्तव में ‘भारतीय जुमला पार्टी' है। उन्होंने दावा किया कि 19 अप्रैल को संपन्न हुए पहले चरण के चुनाव में ‘इंडिया' गठबंधन 80 से 90 सीट हासिल करेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static