राज्यसभा सांसद संजय झा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, सर्वसम्मति से बनाए गए JDU के कार्यकारी अध्यक्ष

6/29/2024 4:25:16 PM

दिल्ली/पटनाः मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज यानी शनिवार को दिल्ली में जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कई बड़े फैसले लिए हैं। वहीं, इस बैठक में राज्यसभा सांसद संजय झा को जदयू का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद ही लेकर आए थे।

कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सर्वसम्मति से संजय झा को जेडीयू का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। यह पहली बार है जब जदयू ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पार्टी का कोई कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर संजय झा ने कहा कि हमारे नेता और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएम नीतीश कुमार ने मुझे बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। मैं उनका आभारी हूं और नीतीश कुमार ने बिहार को बदल दिया है। बिहार में जो चुनाव हुआ है, उसमें हमने 40 में से 30 सीटें जीती हैं। हमने 243 में से 177 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है। बिहार ने 2025 के विधानसभा चुनाव का संकेत दे दिया है।

नीतीश कुमार के सबसे करीबी नेता हैं संजय झा
बता दें कि संजय कुमार झा एक प्रमुख राजनेता और जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय महासचिव हैं। उन्हें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे करीबी और सबसे भरोसेमंद नेता के रूप में भी जाना जाता है। संजय झा ने बिहार सरकार में जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) और सूचना और जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) सहित महत्वपूर्ण विभागों की देखरेख की है। संजय कुमार झा ने बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री की जिम्मेदारी तीन बार संभाली है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static