Ram Navami 2024: बिहार में धूमधाम के साथ मनाई गई रामनवमी, CM नीतीश ने दी शुभकामनाएं

4/17/2024 4:48:27 PM

 

पटनाः बिहार में आज मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी पर्व धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी पर्व के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं है।

हिंदू धर्म के अनुसार रामनवमी लोगों के लिए महत्वपूर्ण त्योहार है। इस दिन भगवान हनुमान का दर्शन करके लोग प्रसाद चढ़ाते हैं। रामनवमी के दिन भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना करने से विशेष पुण्य मिलता है। धर्मशास्त्रों के अनुसार, रामनवमी के ही दिन त्रेता युग में महाराज दशरथ के घर विष्णु जी के अवतार भगवान श्री राम का जन्म हुआ था। इस दिन उपवास और ब्राह्मणों को भोजन कराना भी बहुत फलदायक है। कहते हैं ऐसा करने से घरमें धन-समृद्धि आती है। राजधानी पटना सहित पूरे राज्य के मठ-मंदिरों को फूल-मालाओं एवं बिजली के रंग-बिरंगे बल्बों से सजाया गया है। रामनवमी को लेकर कल रात से ही राजधानी पटना राममय हो गई है। पूरा शहर हनुमान जी की ध्वजों एवं पताकाओं से पट गया है।

पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में तो दर्शन के लिए कल रात से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया है। रामनवमी के अवसर पर पटना में कई भव्य शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं।अयोध्या में श्री राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा के उपरांत होनेवाली इस वर्ष की रामनवमी कई मायनों में विशेष है। लोगो में अपने आराध्य प्रभु श्री राम के प्रति आस्था और गहरी हुई है। बुधवार सुबह पटना के मंदिरों का पट खुलते ही ओम रां रामाय नम: का मंत्र जाप एवं हनुमान चालीसा का पाठ करते रामभक्त दर्शन और पूजन को उमड़ पड़े। मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में जय श्री राम -जय श्री राम के उदघोष से गूंज रहे हैं। श्रद्धालुओं ने भगवान को लड्डू, माला चढ़ाकर अपने साथ पूरे परिवार के कल्याण की कामना की।

रामनवमी को लेकर पूरे बिहार, खासकर पटना में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। चारों तरफ पुलिस बल तैनात किए गए हैं। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए एंबुलेंस और चिकित्सक की व्यवस्था भी की गई थी। गर्मी को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध करवाए गए हैं। मंदिर के प्रवेश द्वार पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक व्यक्ति को तलाशी लेने के बाद ही मंदिर में प्रवेश करने दिया जा रहा है। राजधानी पटना में आसपास के क्षेत्रों में भी रामनवमी की काफी धूम देखी जा रही है। आसपास के निवासी अपने स्थानीय मंदिरों में भी राम जी की पूजा अर्चना करने पहुंचे। कड़ी धूप होने के बाद भी बच्चे, महिलाएं और युवा कतार में लगे अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने हवन करवाकर अपने परिवार की खुशहाली के लिए भगवान की पूजा-अर्चना की।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी पर्व के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं है। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि रामनवमी जैसे पर्व राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा देश की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं। उन्होंने राज्यवासियों से आह्वान किया कि पावन पर्व रामनवमी को प्रेम और भाईचारे के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाएं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static