मधुबनी में रामनवमी पर कड़ी सुरक्षा, 323 स्थानों पर 646 दंडाधिकारी तैनात; सोशल मीडिया पर भी नजर

Thursday, Mar 26, 2026-03:42 PM (IST)

Bihar News: बिहार के मधुबनी जिले में रामनवमी एवं चैती दुर्गापुजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने को लेकर जिले के 323 स्थानों पर 646 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ साथ काफी संख्या में पुलिस के जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। 

असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर
मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने जिले में रामनवमी एवं चैती दुर्गापुजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने को लेकर संयुक्त आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को ससमय प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंच कर अपने दायित्व का निर्वहन करने का निर्देश दिया है। सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित होकर संयुक्त फोटो, व्हाट्सएप नंबर पर भेजना सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें। शांति भंग करने वाले या कानून को हाथ में लेने वाले असमाजिक तत्वों पर तत्काल विधि-सम्मत कारर्वाई सुनिश्चित करे। अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई करने से जरा भी नही हिचके। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को पूरी तरह से चौकस रहने का निर्देश दिया गया है। 

24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी एवं चैती दुर्गापुजा का त्योहार मनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिले की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 26 मार्च के पूर्वाह्न से 28 मार्च के अपराह्न तक लगातार 24 घण्टे कार्य करेगा। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर- 06276-224425 है। जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे तीन शिफ्टों में कार्यरत रहेगा। सभी शिफ्टों में पर्याप्त संख्या में पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष में क्विक रिस्पांस टीम,वज्रवाहन, अग्निशमन आदि की तैनाती की गई है। 

अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि अग्निशाम दस्ता को हर समय तैयार रखेंगे, जिससे आपात स्थिति में ससमय नियंत्रण किया जा सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया पर झूठी, भ्रामक एवं अफवाह फैलाने वाली खबरों पर नजर रखे। इसे लेकर जिला साइबर सेल, सूचना एवं जनसम्पर्क की सोशल मीडिया टीम को 24 घंटे सक्रिय रहकर सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने एवं ऐसे असामाजिक एवम उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static