'बिहार में नर्स...डॉक्टर, कोई भी सुरक्षित नहीं', पारस अस्पताल गोलीकांड पर पप्पू यादव का फूटा गुस्सा, बोले- बिहार में लगे राष्ट्रपति शासन
Thursday, Jul 17, 2025-02:06 PM (IST)

Patna Hospital Firing: बिहार की राजधानी पटना में बदमाशों ने दिनदहाड़े पारस अस्पताल में घुसकर एक इलाजरत कैदी की हत्या कर दी। वहीं, इस घटना पर सियासत तेज हो गई है। पारस अस्पताल गोलीबारी कांड के बाद पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। पप्पू यादव ने राज्य में बढ़ते अपराध पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्यपाल से बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाने का अनुरोध किया है।
बिहार में नर्स, डॉक्टर, कोई भी सुरक्षित नहीं-
पप्पू यादव ने कहा, "...मैं राज्यपाल से बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाने का अनुरोध करूंगा...बिहार में नर्स, डॉक्टर, कोई भी सुरक्षित नहीं है। ये नेता सिर्फ़ पैसे के बल पर राजनीति कर सकते हैं। पूर्णिया के सांसद ने पुलिस पर जाति के आधार पर "फर्जी मुठभेड़" करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अपराधियों का चयन उनकी जाति के आधार पर किया जाता है, फर्जी एनकाउंटर किए जाते हैं। ये गोली चलाने वालों को बचाते हैं... बिहार में प्रशासन नाम की कोई चीज़ नहीं है। ये माफियाओं को पनाह देते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार नहीं चला रहे हैं। भाजपा सरकार चला रही है।
बता दें कि पटना स्थित एक निजी अस्पताल में हथियारबंद कुछ लोगों ने, पैरोल पर जेल से बाहर आए हत्या के दोषी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान बक्सर जिले के निवासी चंदन के रूप में हुई है और वह इलाज के लिए अस्पताल गया था। चंदन मिश्रा एक कुख्यात अपराधी था और उसके खिलाफ दर्जनों हत्या के मामले दर्ज थे। पुलिस का मानना है कि प्रतिद्वंद्वी गिरोह ने गोलीबारी की है।