काराकाट सीट पर दो की लड़ाई में तीसरे ने मारी बाजी, भाकपा माले के राजाराम सिंह ने पवन सिंह को 105858 मतों से किया पराजित

6/5/2024 1:33:36 PM

पटना: बिहार की काराकाट संसदीय सीट पर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) प्रत्याशी राजाराम सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह को एक लाख पांच हजार 858 मतो के अंतर से पराजित किया। वहीं राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा तीसरे स्थान पर रहे।        

चुनाव आयोग के अनुसार, राजा राम सिंह ने अंतिम दौर की मतगणना के बाद कुल 380581 वोट हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वी पवन सिंह को एक लाख पांच हजार 858 के मतों के अंतर से मात दे दी। निर्दलीय प्रत्याशी पवन सिंह को 274723 जबकि उपेन्द्र कुशवाहा को 253876 मत मिले। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बैनर तले रालोमो अध्यक्ष और पूर्व केन्द्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा काराकाट से चुनावी समर में उतरे। इंडिया गठबंधन के घटक भाकपा-माले ने यहां पूर्व विधायक राजाराम सिंह को प्रत्याशी बना दिया। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह को भाजपा ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उन्होंने आसनसोल से चुनाव लड़ने से मना कर दिया। पवन सिंह ने भाजपा से बगावत कर दी और निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर काराकाट की सियासी रणभूमि में उतर आये। पवन सिंह के निर्दलीय उतरने से काराकाट की सियासी लड़ाई रोचक बन गई।    

पवन सिंह ने अपने चुनावी प्रचार में कई कलाकार का लगा दिया था जमावड़ा
निर्दलीय प्रत्याशी पवन सिंह ने अपने चुनावी प्रचार में फिल्मी सितारों का जमावड़ा लगा दिया। पवन सिंह की जनसभा में भोजपुरी के बड़े स्टार काजल राघवानी, पाखी हेगड़े, अरिविंद अकेला कल्लू,आस्था सिंह, रितेश पांडे, अनुपमा यादव, सिल्की राज समेत कई कलाकार जुटे थे। पवन सिंह चुनाव जीतने में सफल तो नहीं रहे लेकिन उन्होंने (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा के कोर वोटरो में सेंध लगा दी। भाकपा माले उम्मीदवार राजा राम सिंह जीत हासिल करने में सफल रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static