गोल्ड लूट गैंग के मास्टरमाइंड सुबोध सिंह के गुर्गे का दिनदहाड़े मर्डर, सोने के बंटवारे को लेकर साथियों ने की हत्या!
Saturday, Apr 12, 2025-12:16 PM (IST)

Patna Murder News: आरा तनिष्क लूटकांड एक बार फिर सुर्खियों में आया है। दरअसल, इस लूटकांड के मास्टरमाइंड सुबोध सिंह के सबसे भरोसेमंद साथी का मर्डर कर दिया गया है। पटना से सटे फुलवारी शरीफ में शुक्रवार को दिनदहाड़े CRPF हवलदार शैलेंद्र सिंह के बेटे नवनीत सिंह उर्फ फागो की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को करीब 2 बजे किसान कॉलोनी फेज वन में नवनीत उर्फ फागो अपनी बाइक पर बैठा था। तभी दो अज्ञात हमलावरों ने उसकी कनपटी और सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से उसकी बाइक, हेलमेट, 9 एमएम पिस्टल, दो मोबाइल और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने दो खोखा और एक जिंदा गोली भी जब्त की है। पुलिस को आशंका है कि सोना के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने नवनीत की हत्या की गई है।
हालांकि जो 2 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं उससे कई राज खुल सकते हैं। फिलहाल. पुलिस द्वारा घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जानकारी मिली है कि शिवपुरी में रहने वाला अपराधियों को फर्जी पहचान के साथ-साथ बाइक, ठिकाना और भागने का साधन भी मुहैया कराता था। बताया जा रहा है कि आरा के बड़े लूटकांड में भी वह बैकअप के तौर पर शामिल था।