DGP का बिहार पुलिस को खास संदेश, छापेमारी से पहले कर लें ये तैयारी, मुंगेर ASI हत्या मामले में 6 गिरफ्तार
Saturday, Mar 15, 2025-07:47 PM (IST)

मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले में सहायक उप निरीक्षक (ASI) संतोष कुमार सिंह की हत्या मामले में पुलिस ने अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को इनमें से एक आरोपी ने पुलिसकर्मी की राइफल छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे गोली मार दी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
ASI संतोष कुमार सिंह की हत्या के पीछे शराबी भीड़!
घटना को लेकर पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने बताया कि मृतक ASI मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में डायल-112 सेवा में तैनात थे। हमला करने वाले लोग कथित तौर पर नशे में थे। गिरफ्तार आरोपियों में से एक गुड्डू यादव ने शनिवार को पुलिसकर्मी की राइफल छीनकर भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग भी की। इस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आरोपी घायल हो गया।
शराबबंदी के बावजूद हमलावर थे नशे में?
बिहार में अप्रैल 2016 से पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है, फिर भी ASI पर हमला करने वाले संदिग्ध नशे में थे। DGP ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिसकर्मियों पर लगातार हो रहे हमले
मुंगेर के बाद अररिया में भी बुधवार रात ऐसी ही एक घटना सामने आई, जहां डायल-112 के ASI पर हमला किया गया और उनकी मौत हो गई। इन घटनाओं को देखते हुए DGP ने सभी थानों को निर्देश दिया है कि किसी भी अभियान में जाने से पहले पर्याप्त सुरक्षा बल के साथ स्थिति का आकलन किया जाए।
DGP की अपील – डायल-112 की टीम से ना करें दुर्व्यवहार
DGP ने लोगों से अपील की कि डायल-112 सेवा आपातकालीन स्थितियों के लिए है और इसमें तैनात कर्मी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहते हैं। इनसे दुर्व्यवहार या उन पर हमला करना गंभीर अपराध है। उन्होंने यह भी कहा कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे राज्य में अभियान तेज किया जा रहा है।