CM नीतीश ने 3.21 लाख बाढ़ पीड़ितों के खाते में भेजे 7-7 हजार रुपए, कहा- आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए हम लगातार तत्पर

Thursday, Oct 10, 2024-06:28 PM (IST)

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 1 अणे मार्ग स्थित 'संकल्प' में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के 18 जिलों में आई बाढ़ (द्वितीय चरण) से प्रभावित 3.21 लाख परिवारों को डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के द्वारा सीधे उनके खाता में 7 हजार रूपये प्रति परिवार की दर से कुल 225.25 करोड़ रुपए की अनुग्रहिक राहत की राशि के भुगतान का माउस क्लिक कर अंतरण किया। मुख्यमंत्री द्वारा प्रथम चरण में 4 लाख 38 हजार 529 परिवारों के खाते में 308.97 करोड़ रुपये अंतरित की गयी थी, जबकि आज द्वितीय चरण में 3 लाख 21 हजार 792 परिवारों के खाते में 225.25 करोड़ रुपये अंतरित की गयी यानी कुल बाढ़ से प्रभावित 7 लाख 60 हजार 321 परिवारों के खाते में 532.22 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की गयी।

PunjabKesari

बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त सचिव साहिला ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि द्वितीय चरण में बिहार के 18 जिले प्रभावित हुए हैं। बाढ़ पीड़ितों के सहायतार्थ बाढ़ आपदा प्रबंधन मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप सभी कार्रवाई की गयी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। समीक्षा के दौरान कृषि विभाग के विशेष सचिव श्री वीरेन्द्र प्रसाद यादव ने बताया कि प्रथम चरण में आई बाढ़ से 16 जिले का कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है। दूसरे चरण में आयी बाढ़ के कारण 16 जिलों का कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जिससे किसानों की फसल क्षति हुई है। प्रथम चरण के लिये फसल क्षति के रूप में 229 करोड़ तथा द्वितीय चरण के लिये 261 करोड़ रुपये का आकलन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिये फसल क्षति की 229 करोड़ रुपये की राशि विभाग को प्राप्त हो गयी है।

PunjabKesari

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। सरकार में आने के बाद से आपदा पीड़ितों की सहायता के लिये हम लोग लगातार तत्पर रहते हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसानों की जो फसल क्षति हुई है, उसकी राशि दीपावली के पूर्व अवश्य उपलब्ध करा दें। किसानों को सभी प्रकार की सुविधाएं देने के लिये सरकार लगातार काम कर रही है। बाढ़ के दौरान जिन किसानों की फसल क्षति हुई है, उसमें कोई छूटे नहीं, सभी प्रभावित परिवारों को राशि अवश्य मिल जाय। कृषि विभाग इसके लिए तेजी से काम करे।

PunjabKesari

बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, आपदा प्रबंधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदय कांत मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, कृषि विभाग के विशेष सचिव वीरेन्द्र प्रसाद यादव, आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त सचिव साहिला सहित आपदा प्रबंधन विभाग के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static