Bihar: दिल्ली रवाना हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रपति भवन में आयोजित जी20 रात्रिभोज में होंगे शामिल
Saturday, Sep 09, 2023-01:23 PM (IST)

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी 20 शिखर सम्मेलन के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होने के लिए शनिवार सुबह नई दिल्ली रवाना हुए। मुख्यमंत्री ने बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा के साथ सुबह करीब 11 बजकर दस मिनट पर पटना से दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "मुख्यमंत्री शनिवार शाम को दिल्ली में राष्ट्रपति द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे।" उन्होंने कहा कि कुमार के रविवार दोपहर तक पटना लौटने की उम्मीद है। वहीं, इस बीच सबसे खास बात ये रहेगी कि सीएम नीतीश डेढ़ साल बाद पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे। दोनों की मुलाकात बीते साल 2022 में हुई थी। मुख्यमंत्री सचिवालय के सूत्रों की मानें तो वे सिर्फ जी-20 की रात्रिभोज में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। नीतीश कुमार की औपचारिक रूप से यही शेड्यूल है।
बता दें कि G20 में आए विदेशी मेहमानों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के द्वारा रात्रिभोज का आयोजन किया गया है, जिसमें सभी राज्यों के मुख्यमंत्री को भी आमंत्रण भेजा गया है।