बिहार चुनाव से ठीक पहले BJP को लगा बड़ा झटका, टिकट कटने से नाराज इस विधायक ने दिया इस्तीफा, लगाए ये गंभीर आरोप
Thursday, Oct 16, 2025-02:30 PM (IST)

Bihar Election 2025: बीजेपी ने अपने हिस्से की 101 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। इसमें कई विधायकों का टिकट भी कटा है। वहीं, टिकट कटने से नाराज होकर पीरपैंती से बीजेपी विधायक इंजीनियर ललन कुमार पासवान (Lalan Kumar Paswan) ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
मेरी यात्रा यहीं समाप्त होती है- Lalan Kumar Paswan
इस सिलसिले में ललन कुमार पासवान ने गुरुवार को बिहार प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को भेजे त्यागपत्र में कहा है कि पार्टी मुझे लगता है कि एक मुखर दलित नेतृत्व की जरुरत अब भारतीय जनता पार्टी को नहीं है, इसलिए मेरी यात्रा यहीं समाप्त होती है और मैं इसी वक्त से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देता हूं। उल्लेखनीय है कि 2020 के विधानसभा चुनाव में पीरपैंती (सुरक्षित) से ललन कुमार ने राजग गठबंधन के प्रत्याशी के रुप में जीत हासिल की थी। कुमार अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान विवादित बयानों से सुर्खियों में रहे थे।
गौरतलब हो कि 12 अक्टूबर को बिहार विधानसभा चुनाव में राजग में सीटों के बंटवारे पर समझौता हुआ था। सीट बंटवारे के तहत भाजपा 101, जनता दल यूनाईटेड (जदयू) 101, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) छह-छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा ने अपने हिस्से की सभी 101 सीटों की सूची जारी कर दी है।