PMCH के शताब्दी समारोह में राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने की शिरकत, बिहार को मिलेगा हेल्थकेयर का नया आयाम

Tuesday, Feb 25, 2025-06:31 PM (IST)

पटना: पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (PMCH) ने अपने 100 गौरवशाली वर्षों का जश्न आज भव्य समारोह में मनाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के हेल्थकेयर सिस्टम को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा सहित कई गणमान्य हस्तियां भी मौजूद रहीं।

बिहार को जल्द मिलेगा 5400 बेड का सुपर स्पेशियलिटी PMCH अस्पताल

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की कि PMCH को 5400 बेड के विश्वस्तरीय अस्पताल में बदला जा रहा है। अस्पताल का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे और तीसरे फेज का निर्माण कार्य जारी है। इसके साथ ही IGIMS का विस्तार कर 3000 बेड का अस्पताल तैयार किया जा रहा है, जबकि अन्य पांच मेडिकल कॉलेजों को 2500 बेड के अस्पताल में बदला जा रहा है।

हर जिले में खुलेगा मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 में बिहार में सिर्फ 6 मेडिकल कॉलेज थे, जो अब 12 हो चुके हैं। 14 नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण जारी है और केंद्र सरकार भी 8 मेडिकल कॉलेज बना रही है। बिहार सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल हो, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं हर नागरिक की पहुंच में हों।

सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या में बेतहाशा बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रति माह मात्र 39 मरीज आते थे, लेकिन अब मुफ्त दवा और बेहतर इलाज के चलते यह संख्या 11,000 से अधिक हो गई है। यह बदलाव बिहार में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।

PunjabKesari

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने PMCH के योगदान को सराहा

राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि PMCH ने पिछले 100 वर्षों में देश को कई नामी डॉक्टर और बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं दी हैं। उन्होंने बिहार सरकार के स्वास्थ्य सुधार प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से राज्य के नागरिकों को बेहतरीन इलाज मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने गिनाईं बिहार की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है, सड़कें बेहतर हुई हैं और विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ी है। पहले शाम के बाद लोग घर से बाहर निकलने में डरते थे, लेकिन आज बिहार सुरक्षित और आत्मनिर्भर बन चुका है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए शिक्षा और रोजगार में कई अवसर बढ़े हैं, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव आया है।

PunjabKesari

कार्यक्रम की खास बातें:

  • PMCH को मिलेगा 5400 बेड का आधुनिक अस्पताल
  •  हर जिले में खुलेगा मेडिकल कॉलेज, हेल्थ सुविधाओं में ऐतिहासिक सुधार
  • सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या 39 से बढ़कर 11,000 हुई
  • IGIMS का विस्तार कर 3000 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है
  • महिलाओं और पिछड़े वर्गों के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static