Bihar Weather Today: बिहार में बदलेगा मौसम: तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार
Thursday, Mar 06, 2025-08:23 AM (IST)

Bihar Weather Today: बिहार में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, नौ मार्च को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में यह विक्षोभ 8 और 9 मार्च को उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में मौसम को प्रभावित करेगा।
तेज हवाओं का असर, 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा
अगले दो दिनों के दौरान बिहार के अधिकतर जिलों में तेज पछुआ हवाएं चलने का अनुमान है। सतह पर हवा की गति 10-20 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ यह 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इस स्थिति को देखते हुए नाविकों और नदी मार्ग से यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी, मौसम रहेगा शुष्क
- मौसम में हुए बदलाव के कारण पटना समेत 10 शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
- पटना का न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 12.9 डिग्री सेल्सियस के साथ जीरादेई (सिवान) में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया।
- पटना में अधिकतम तापमान 26.7°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा।
- सबसे अधिक तापमान 30.8°C छपरा में दर्ज किया गया।
- राज्य में अधिकतर जगहों पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है।
8 मार्च को पूर्वी बिहार में ठनका गिरने की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 8 मार्च को पूर्वी बिहार में विशेष रूप से किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर, बांका और जमुई में ठनका (वज्रपात) गिरने की संभावना है। इस दौरान तापमान में और गिरावट आ सकती है। IMD ने इसको लेकर चेतावनी भी जारी की है।