नालंदा में बुजुर्ग महिला से दरिंदगी: दुष्कर्म के बाद हत्या, गेहूं के खेत में मिला शव

Sunday, Mar 16, 2025-10:06 AM (IST)

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। एकंगरसराय थाना क्षेत्र के लंदा गांव में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म कर निर्ममता से हत्या कर दी गई। महिला शनिवार को चारा लाने खेत गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। जब परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो उनका शव गेहूं के खेत में नग्न अवस्था में मिला।

शव पर मिले संघर्ष के निशान, हत्या से पहले हुआ दुष्कर्म!

परिजनों के अनुसार, मृतका के शरीर पर दांत से काटने के निशान और गले पर दबाव के गहरे घाव थे, जिससे यह साफ होता है कि उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। शव देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि महिला ने हमलावरों से बचने के लिए संघर्ष किया होगा। खेत में उसके पास से हसुली (घास काटने का धारदार औजार) भी मिला है, जिससे लगता है कि उसने हमलावरों का सामना करने की कोशिश की होगी।

जमीन विवाद की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

मृतका के पुत्र ने बताया कि उनकी मां का पड़ोसियों के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद था। हालांकि, अभी तक किसी के खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस ने इस एंगल से भी जांच शुरू कर दी है।

FSL और डॉग स्क्वायड की मदद से सुराग तलाशने में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। इसके साथ ही एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नालंदा के एसपी ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया, वहीं महिला थाना की अध्यक्ष को भी विशेष जांच का निर्देश दिया गया है।

क्या बिहार में सुरक्षित हैं महिलाएं? बढ़ते अपराधों पर उठे सवाल

बिहार में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर अब सवाल उठने लगे हैं। हाल ही में कई जिलों में इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर बहस छिड़ गई है। पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके में भय का माहौल बना दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static