Bihar Budget 2025: महिलाओं को नौकरियों में 33% आरक्षण से लेकर राज्य में 7 नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का ऐलान.. पढ़ें बिहार के सबसे बड़े बजट में और क्या क्या?
Monday, Mar 03, 2025-05:14 PM (IST)

Bihar Budget 2025: बिहार के उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) ने सोमवार को विधानसभा में साल 2025-26 का बजट पेश कर दिया। बजट के दौरान वित्त मंत्री ने सदन में जानकारी दी कि, “यह बजट आज तक के बिहार का सबसे बड़ा बजट है। यह बजट कुल 3 लाख 16 हजार 895 करोड़ का है, जो कि साल 2024-25 के बजट से 38 हजार करोड़ ज्यादा है। वित्त मंत्री ने बजट पेश करते हुए कहा कि, बिहार में तेजी से हवाई यात्रा बढ़ रही है. लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में कई ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाएगी।
राज्य में 7 नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का ऐलान
वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने बजट के दौरान कहा कि, अगले तीन महीने के भीतर बिहार के पूर्णिया में निर्माणाधीन एयरपोर्ट का काम पूरा कर लिया जाएगा और वहां से जहाज उड़ान भरना शुरू कर देंगे। बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि, बिहार सरकार राज्य के मुंगेर, राजगीर, सुल्तानगंज, मधुबनी, सहरसा, वीरपुर और रक्सौल में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाएगी।
महिलाओं को मिलेगा नौकरियों में 33% आरक्षण
इस बजट में शिक्षा और महिलाओं के सशक्तिकरण पर खास जोर दिया गया है। बिहार सरकार ने इस बजट में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन स्तर को सुधारने के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं। वित्त मंत्री ने ऐलान किया कि, स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन में महिलाओं को नौकरियों में 33% आरक्षण मिलेगा। महिलाओं के लिए ‘पिंक टॉयलेट’ का निर्माण होगा। बड़े शहरों में ‘पिंक बस सर्विस’ शुरू होगी, जिसमें केवल महिला ड्राइवर और कंडक्टर होंगी। हर पंचायत में विवाह मंडप बनाया जाएगा, जहां गरीब बेटियों की शादी कराई जाएगी। कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए नए हॉस्टल बनाए जाएंगे।
अन्य घोषणाएं:-
बेगूसराय में बनेगा कैंसर अस्पताल
सभी प्रमंडलों में कैंसर अस्पताल खुलेंगे
पिंक बसों में चालक और कंडक्टर महिला होंगी
बड़े अनुमंडलों में रेफरल अस्पताल का निर्माण होगा
महिला गाइड बहाल होंगी
358 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे
कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास
होम स्टे योजना को बढ़ावा दिया जायेगा
108 नगर चिकित्सा सुविधा केंद्र खुलेंगे