रांची DC ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, Email मिलते ही अलर्ट पर पुलिस और बॉम्ब स्क्वॉड तैनात

Thursday, Feb 12, 2026-03:53 PM (IST)

Ranchi News: रांची में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सिविल कोर्ट को धमकी मिलने के बाद अब समाहरणालय (डीसी ऑफिस) को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गए हैं।

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा बढ़ाई
रांची के समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए दी गई है। जैसे ही इसकी जानकारी प्रशासन को मिली, पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी और सुरक्षा बढ़ा दी। मौके पर बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब स्क्वॉड), डॉग स्क्वॉड और पुलिस की टीम पहुंच गई। समाहरणालय के हर कमरे, दफ्तर और आसपास के इलाके की सघन जांच की जा रही है। किसी भी संदिग्ध वस्तु की तलाश में तलाशी अभियान जारी है। मुख्य गेट पर सख्त जांच की जा रही है। बिना जांच के किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस अधिकारी खुद मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। आसपास के क्षेत्रों में भी गश्त बढ़ा दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की
धमकी की खबर फैलते ही कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि स्थिति नियंत्रण में है। इधर, पुलिस की साइबर सेल टीम धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static