Bihar Crime: दरभंगा में अपराधियों का तांडव, गाड़ी को घेरकर की ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 लोगों की हत्या

Friday, Jun 23, 2023-10:20 AM (IST)

Bihar Crime: बिहार के दरभंगा जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर तांडव मचाया। यहां गुरुवार को दिनदहाड़े मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। ट्रिपल मर्डर की इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग दहशत में आ गए। 

कार को रोककर की ताबड़तोड़ फायरिंग
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के बहेरी इलाके की है। मृतकों की पहचान अनिल सिंह, मनीष कुमार सिंह और मुन्ना सिंह के रूप में की गई है। इस वारदात में कुंदन सिंह नामक व्यक्ति घायल हो गया। बताया जा रहा है कि एक कार बहेरी के निमैथी चौक के पास पहुंची थी, तभी मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने उसे रोका और कार सवार लोगों ने जैसे ही कार का दरवाजा खोला हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाईं। इसके बाद सभी घायलों को दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया वहीं घायल कुन्दन सिंह का इलाज चल रहा है। 

PunjabKesari

मृतकों में नगर निगम का कर्मचारी भी शामिल
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दरभंगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मृतक अनिल सिंह दरभंगा नगर निगम का कर्मचारी था और उस पर भ्रष्टाचार के कई आरोप थे। मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं इस घटना को लेकर जिले की सीमा को सील कर दिया गया है और वाहनों की सघन जांच की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static