सालों की मेहनत से जमाया कारोबार अब खतरे में! नगर निगम के इस फैसले से दुकानदारों में गुस्सा, बोले- रात को ठीक से सो भी नहीं पा रहे

Friday, Feb 13, 2026-02:42 PM (IST)

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के कचहरी रोड स्थित वेंडर मार्केट में इन दिनों भारी नाराजगी देखी जा रही है। रांची नगर निगम द्वारा बाजार की दुकानों की दोबारा लॉटरी (रीलॉटरी) कराने की तैयारी के खिलाफ दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि वर्षों की मेहनत से जमाया गया कारोबार अब खतरे में पड़ गया है।

रीलॉटरी के फैसले से दुकानदारों में आक्रोश

रांची के कचहरी रोड स्थित वेंडर मार्केट में नगर निगम फिर से दुकानों की लॉटरी कराने की योजना बना रहा है। इस फैसले से दुकानदारों में गुस्सा है। उनका कहना है कि एक दुकान को जमाने में उन्हें करीब सात साल लग गए। अब अगर उन्हें दूसरी जगह दुकान दी जाएगी, तो उनका पूरा व्यापार प्रभावित होगा।

एग्रीमेंट में नहीं थी रीलॉटरी की शर्त

दुकानदार संदीप ने बताया कि जब उन्हें दुकान आवंटित की गई थी, तब एग्रीमेंट में कहीं भी दोबारा लॉटरी कराने की बात नहीं लिखी थी। उनका कहना है कि उनका कारोबार अब ठीक से चलने लगा है, लेकिन अचानक इस फैसले से पूरा मार्केट खराब हो जाएगा। ऊपर से होली का समय नजदीक है, ऐसे में यह फैसला उनके लिए और भी परेशानी खड़ी कर रहा है। संदीप का आरोप है कि नगर निगम पैसा कमाने के लिए ऐसा कर रहा है और दुकानदारों को बेवजह परेशान किया जा रहा है।

लोन और परिवार की चिंता

दूसरे दुकानदार सुदेश ने कहा कि बिना किसी स्पष्ट नियम या शर्त के इस तरह का फैसला लेना गलत है। उन्होंने बताया कि कई दुकानदारों ने दुकान के लिए लोन लिया है, जिसे हर महीने चुकाना पड़ता है। अगर दुकान की जगह बदल दी गई तो ग्राहकी कम हो जाएगी और लोन चुकाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और किस्तें सब कुछ इसी दुकान पर निर्भर है। ऐसी स्थिति में वे मानसिक तनाव में हैं।

“अंतिम सांस तक लड़ेंगे”

दुकानदार नेहा ने कहा कि वे लोग अपने हक के लिए अंतिम सांस तक लड़ेंगे। उनका कहना है कि दुकान जमाने में वर्षों की मेहनत लगी है और अचानक उसे बदल देना उचित नहीं है। पिछले सात दिनों से वे लोग ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। दुकानदारों ने साफ कहा है कि जब तक रीलॉटरी का फैसला स्थगित नहीं किया जाता, तब तक वे विरोध जारी रखेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static