हटिया स्टेशन पर RPF की बड़ी सफलता, 11.5 लाख के गांजा के साथ दो तस्कर दबोचे
Tuesday, Dec 09, 2025-04:16 PM (IST)
रांची: झारखंड के रांची रेल मंडल में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरपीएफ हटिया और फ्लाइंग टीम ने संयुक्त कारर्वाई करते हुए आज बड़ी सफलता हासिल की है।
चार बैगों में गांजे से भरे चार पैकेट बरामद
मिली जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान आरपीएफ ने करीब 11.50 लाख रुपये कीमत का 23 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। रांची आरपीएफ के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर हटिया रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर बैठे दो संदिग्ध व्यक्तियों पर उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह और फ्लाइंग टीम की नजर पड़ी। तलाशी लेने पर दोनों के पास मौजूद चार बैगों में गांजे से भरे चार पैकेट मिले। बरामद गांजे की पुष्टि आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार सिंह की उपस्थिति में डीडी किट से की गई, जिसमें यह गांजा (मैरिजुआना) पॉजिटिव पाया गया।
ओडिशा से खरीदकर धनबाद ले जा रहे थे तस्कर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फिरोज (32 वर्ष) और राम बिलास चौधरी (27 वर्ष) के रूप में हुई है, दोनों पश्चिम चंपारण (बिहार) के निवासी हैं। जांच के अनुसार, मोहम्मद फिरोज के नीले रंग के पिट्ठू बैग और भूरे ट्रॉली बैग से गांजा मिला, जबकि राम बिलास के हरे पिट्ठू बैग और ग्रे हैंड बैग से भी पैकेट बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे यह गांजा राउरकेला (ओडिशा) से खरीदकर धनबाद ले जा रहे थे, जहां इसे आगे किसी अज्ञात व्यक्ति को सौंपना था। वे कोई वैध दस्तावेज या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सके। आरपीएफ ने सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त किए गए मादक पदार्थ और दोनों तस्करों को आगे की कारर्वाई के लिए जीआरपी हटिया को सौंप दिया

