डोभा बना मौत का कुंआ! नहाते समय दो बच्चों की डूबने से मौत, हजारीबाग में दर्दनाक हादसा

Monday, Sep 22, 2025-08:43 AM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र के दुलमहा में रविवार को मनरेगा योजना से बने डोभा में दो मासूम चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई।      

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान कुश कुमार (7 वर्ष) पुत्र संजय यादव और सूर्यांश कुमार पुत्र सुरेंद्र यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बच्चे रविवार सुबह लगभग 10 बजे अपने दोस्तों आदित्य कुमार और सौरव कुमार के साथ दुमुंहवा जंगल की ओर घूमने गए थे। आदित्य और सौरव शौच करने के लिए चले गए, जबकि कुश और सूर्यांश नहाने के लिए डोभा में उतर गए। नहाते समय दोनों गहराई में चले गए और डूबने लगे। ग्रामीणों ने तुरंत बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे से इलाके में शोक की लहर है।      

प्रशासन से सुरक्षा घेराबंदी की मांग 

इधर घटना की जानकारी मिलने पर विधायक मनोज कुमार यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर एवं मुखिया मनोज कुमार अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। ग्रामीणों ने बताया कि यदि डोभा की घेराबंदी कर दी जाती तो यह दुखद घटना टली जा सकती थी। उन्होंने प्रशासन से डोभाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावित सभी डोभाओं की तुरंत घेराबंदी करने की सख्त मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static