अनियंत्रित होकर पलटा तेज रफ्तार ट्रक, सड़क किनारे खड़े 2 युवकों की नीचे दबने से मौत
Friday, Jul 17, 2026-11:07 AM (IST)
लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले में गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा चंदवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर शिबाटोली के पास हुआ।
मृतकों की पहचान खलारी निवासी टिंकू भुइयां (32) और लोहरदगा जिले के सालगी-चांपी निवासी मिथुन भुइयां (19) के रूप में हुई है। चंदवा थाना प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि कथित तौर पर अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक को देखकर दोनों युवकों ने अपनी मोटरसाइकिल रोक दी थी और सड़क किनारे खड़े थे। सिंह ने कहा, "ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और इसके बाद पलट गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक पलटे हुए ट्रक के नीचे दब गए थे। मिट्टी हटाने वाली मशीन की मदद से ट्रक को हटाकर शवों को बाहर निकाला गया। उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।" अधिकारी ने कहा, "हम ट्रक के मालिक और चालक का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।"

