झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, इन 8 जिलों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात की चेतावनी
Monday, Jul 06, 2026-02:49 PM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड में बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन का असर पूरे व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है। शनिवार रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला सोमवार तक लगातार जारी रहा। राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं मौसम सुहावना हो गया है।
सभी 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 से 9 जुलाई तक राज्य के सभी 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। विशेष रूप से गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और रांची जिलों में भारी बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 12 जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य 12 जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में सर्वाधिक 50.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति
राजधानी रांची में भी दिनभर रुक-रुककर तेज और हल्की बारिश होती रही, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और सड़कों पर फिसलन की स्थिति बन सकती है। लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों, निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों और खुले में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने से मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहेगा।
वहीं राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि पलामू प्रमंडल के मेदिनीनगर (डालटनगंज) में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा चेतावनियों पर नजर रखने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

