मौसम का मिजाज बदला: झारखंड में बढ़ने लगी ठंड, 27 अक्टूबर को बारिश के आसार

Thursday, Oct 22, 2026-02:30 PM (IST)

रांची: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और शाम कनकनी महसूस होने लगी है, जबकि कई इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध छा रही है। मौसम में आए इस बदलाव के बीच रांची का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। 

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह-शाम ठंड का एहसास बढ़ सकता है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 22 और 23 अक्टूबर को रांची का न्यूनतम तापमान गिरकर 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, अगले कुछ दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 24 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और 25 अक्टूबर को 17 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। 

रात के तापमान में हो रही गिरावट
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून की विदाई के बाद आसमान साफ रहने से रात के तापमान में गिरावट हो रही है। दिन में सूर्य की गर्मी से धरती की सतह गर्म होती है, लेकिन रात में आसमान साफ रहने के कारण धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकल जाती है। इससे न्यूनतम तापमान में कमी आती है और सुबह-शाम ठंड का एहसास बढ़ जाता है। इसके अलावा, पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर भी मौसम पर पड़ रहा है। इन परिस्थितियों के कारण झारखंड में ठंड की शुरुआती दस्तक महसूस होने लगी है। आने वाले दिनों में सुबह और रात के तापमान में गिरावट से कनकनी बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय धुंध और हल्का कुहासा छाया रह सकता है। 

कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना 
हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। सुबह के समय धुंध के कारण कुछ इलाकों में द्दश्यता भी प्रभावित हो सकती है। वहीं, 27 अक्टूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। सुबह के समय कुछ इलाकों में बादल और कुहासा छाए रह सकते हैं। फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच सुबह और शाम ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static